जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक में स्वास्थ्य सेवाओं को सशक्त बनाने हेतु निर्देश

जहानाबाद
उप विकास आयुक्त डॉ. प्रीति की अध्यक्षता में जिला स्वास्थ्य समिति, जहानाबाद की मासिक समीक्षात्मक बैठक सफलतापूर्वक संपन्न हुई। बैठक का मुख्य उद्देश्य स्वास्थ्य योजनाओं के क्रियान्वयन को और अधिक प्रभावशाली बनाना तथा कार्यान्वयन में गुणवत्ता सुधार सुनिश्चित करना रहा।
बैठक में आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन के तहत प्राप्त प्रोत्साहन राशि के उचित उपयोग पर चर्चा हुई। उप विकास आयुक्त ने सभी चिकित्सा पदाधिकारियों को प्रेरित किया कि वे राशि का नियमानुसार व्यय कर उपयोगिता प्रमाण पत्र शीघ्र समर्पित करें, ताकि आगामी प्रोत्साहन राशि का लाभ जिले को समय पर प्राप्त हो सके।
भव्या एप्लीकेशन और M-Asha मॉड्यूल की प्रगति की समीक्षा करते हुए बेहतर सहभागिता और नियमित अपडेट को प्राथमिकता दी गई। उप विकास आयुक्त ने सभी स्वास्थ्य कर्मियों को तकनीकी प्लेटफॉर्म का पूर्ण उपयोग कर नवाचार अपनाने की प्रेरणा दी।
मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य कार्यक्रम के अंतर्गत एएनसी पंजीकरण एवं संस्थागत प्रसव दर में और सुधार लाने के लिए टीम भावना और समन्वय को बढ़ाने पर बल दिया गया। उन्होंने कहा कि सभी प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता में निरंतर सुधार लाकर जिले को राज्य में अग्रणी बना सकते हैं।
समीक्षा बैठक के दौरान यह स्पष्ट हुआ कि स्वास्थ्य सूचकांकों में अपेक्षित सुधार की संभावनाएँ प्रबल हैं। उप विकास आयुक्त ने सभी स्वास्थ्य कर्मियों को प्रोत्साहित करते हुए कहा कि नियमित अनुश्रवण, तकनीकी सशक्तिकरण और जनहित के प्रति समर्पण ही हमें सर्वश्रेष्ठ की ओर अग्रसर करेगा।