बिहार के कानून व्यवस्था पर जमकर बरसे राजद नेत्री आभा रानी

जहानाबाद: राजद नेत्री आभा रानी ने कहा कि बिहार में कानून व्यवस्था नाम की कोई चीज नहीं बची है और इसका ताजा प्रमाण राजधानी पटना में उद्योगपति गोपाल खेमका की दिनदहाड़े हत्या और सिवान में 3 लोगों की निर्मम हत्या है। अब बिहार में व्यापार करना मौत को दावत देने जैसा हो गया है। इस साल अब तक 8 बड़े कारोबारियों की हत्या हो चुकी है और सत्ता में बैठे लोग मूकदर्शक बने हुए हैं। क्या अब मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और NDA के नेता इन हत्याओं के लिए भी लालू प्रसाद यादव जी और तेजस्वी यादव जी को जिम्मेदार ठहराएंगे?
आभा रानी ने कहा कि जो लोग जंगलराज की रट लगाते रहते थे, आज अपराध की इस बाढ़ पर चुप हैं। कहां गया उनका सुशासन? क्यों नहीं अपराध पर लगाम लग पा रही है? राजधानी पटना में हर 25 घंटे में एक हत्या होना इस बात का प्रमाण है कि बिहार में कानून-व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त हो चुकी है। जनवरी से मई 2025 के बीच सिर्फ पटना में हत्या के 116, रेप के 41, लूट के 47, डकैती के 10, सेंधमारी के 343 और वाहन चोरी के 2335 मामले दर्ज हुए हैं। जब राजधानी का ये हाल है तो बाकी बिहार की स्थिति का अंदाजा लगाया जा सकता है।आभा रानी ने कहा कि अब तो अपराधी पुलिस को भी “सॉफ्ट टारगेट” समझने लगे हैं। पिछले 25 दिनों में पटना में पुलिस पर 5 बार हमले हुए, जिसमें 11 जून को तेज रफ्तार स्कॉर्पियो से कुचलकर सिपाही कोमल की हत्या कर दी गई। सत्ता में बैठे लोग संवेदना व्यक्त करने तक का साहस नहीं दिखा पा रहे हैं।