विधानसभा आम निर्वाचन 2025 के तहत ईवीएम/वीवीपैट के प्रथम स्तरीय जांच हेतु राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक सम्पन्न


जहानाबाद
आगामी बिहार विधान सभा आम निर्वाचन, 2025 की तैयारियों के क्रम में जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-जिला पदाधिकारी श्रीमती अलंकृता पाण्डेय की अध्यक्षता में आज दिनांक 02 जून, 2025 को समाहरणालय सभा कक्ष, जहानाबाद में जिले के सभी मान्यता प्राप्त राष्ट्रीय एवं राज्य स्तरीय राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।
बैठक में उपस्थित प्रतिनिधियों को यह जानकारी दी गई कि जिले में ईवीएम/वीवीपैट की प्रथम स्तरीय जाँच (First Level Checking – FLC) दिनांक 09 जून 2025 से 21 जून 2025 तक की जाएगी। यह कार्य प्रतिदिन प्रातः 9:00 बजे से संध्या 7:00 बजे तक, अवकाश के दिनों में भी, ईवीएम वेयरहाउस (कोषागार के निकट) स्थित एफएलसी हॉल में किया जाएगा।
बैठक में उपस्थित सभी राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को आग्रह किया गया कि वे स्वयं अथवा अपने नामित प्रतिनिधियों के माध्यम से FLC के दौरान उपस्थित रहें। प्रतिनिधियों को FLC हॉल में प्रवेश हेतु परिचय पत्र निर्गत किया जाएगा। यदि किसी राजनीतिक दल के जिलाध्यक्ष/सचिव की ओर से किसी अन्य व्यक्ति को नामित किया जाता है, तो उसका प्राधिकरण पत्र एवं दो-दो पासपोर्ट/स्टाम्प साइज छायाचित्र (फोटो) समय से उपलब्ध कराने का अनुरोध किया गया है, ताकि उसे समय पर परिचय पत्र निर्गत किया जा सके।

