जिला गंगा समिति की समीक्षा बैठक आयोजित, नदियों की स्वच्छता एवं जन-जागरूकता पर विशेष बल

जहानाबाद
जिला पदाधिकारी सह अध्यक्ष, जिला गंगा समिति, नमामि गंगे, जहानाबाद श्रीमती अलंकृता पांडेय के निर्देशानुसार उप विकास आयुक्त डॉ प्रीति की अध्यक्षता में जिला गंगा समिति की बैठक आयोजित कर पूर्व में दिए गए निदेशों की प्रगति की समीक्षा की गई एवं संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए गए।
बैठक में निम्नलिखित बिंदुओं पर विशेष चर्चा एवं निर्णय लिए गए:
🔹 दरधा नदी एवं संगम घाट की सफाई
कार्यपालक पदाधिकारी, नगर परिषद जहानाबाद को निर्देशित किया गया कि सप्ताह में एक दिन स्थानीय सैनिटरी इंस्पेक्टर की देखरेख में दरधा नदी एवं संगम घाट की सफाई सुनिश्चित करें। इसकी निगरानी जिला परियोजना पदाधिकारी, नमामि गंगे द्वारा की जाएगी।
🔹 बायो मेडिकल कचरे का प्रबंधन
स्वास्थ्य विभाग को निर्देशित किया गया कि नदी किनारे कचरा फेंकने वाले अस्पतालों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई करें। साथ ही निर्धारित मानकों के अनुसार कचरा निस्तारण की स्थिति का प्रतिवेदन फोटो सहित उपलब्ध कराएं। जियो टैग्ड फोटोग्राफ एजेंसी द्वारा उपलब्ध कराना अनिवार्य किया गया।
🔹 जन-जागरूकता अभियान
नदी स्वच्छता को लेकर कॉलेज स्तर पर, जीविका समूहों, नेहरू युवा केंद्र, एनसीसी, एनएसएस, स्काउट और नगर निकायों के माध्यम से प्रचार-प्रसार चलाने का निर्देश दिया गया। नदी किनारे स्थित गांवों में भी अभियान चलाकर लोगों को जागरूक किया जाएगा।
🔹 शवदाह गृह में विद्युत आपूर्ति
दरधा नदी किनारे नव निर्मित शवदाह गृह में विद्युत कनेक्शन के लिए नगर परिषद को दो दिनों के भीतर आवेदन कर प्रतिवेदन प्रस्तुत करने का निर्देश दिया गया।
🔹 सिंगल यूज़ प्लास्टिक पर विशेष अभियान
सभी नगर निकायों में सिंगल यूज़ प्लास्टिक के विरुद्ध विशेष अभियान चलाने का निर्देश दिया गया। जून माह में काको नगर पंचायत द्वारा ₹4500, मखदुमपुर द्वारा ₹31500 एवं घोषी द्वारा ₹1600 का जुर्माना वसूल किया गया।
🔹 जैविक एवं प्राकृतिक कृषि को बढ़ावा
गंगा की सहायक नदियों के किनारे जैविक एवं प्राकृतिक कृषि को बढ़ावा देने हेतु जिला कृषि पदाधिकारी को आवश्यक पहल करने तथा किसानों को प्रशिक्षण प्रदान कर जागरूकता फैलाने का निर्देश दिया गया।
बैठक में निदेशक डीआरडीए श्री रोहित कुमार मिश्रा, जिला परियोजना पदाधिकारी नमामि गंगे श्री अमित कुमार एवं अन्य उपस्थित थे।
