घोसी प्रखंड के कोर्रा गाँव में चार दिवसीय गायत्री महायज्ञ का हुआ समापन, हजारों श्रद्धालुओं ने लिया भाग



घोषी (जहानाबाद)
अखिल विश्व गायत्री परिवार शांतिकुंज हरिद्वार के तत्वावधान में घोसी प्रखंड के कोर्रा गाँव में आयोजित चार दिवसीय 51 कुण्डीय शक्ति संवर्धन गायत्री महायज्ञ का समापन श्रद्धा और भक्ति के माहौल में भव्य समापन हुआ. इस धार्मिक आयोजन में हजारों श्रद्धालुओ ने भाग लेकर आस्था की मिशाल पेश की. महायज्ञ के अंतिम दिन पूरे क्षेत्र का वातावरण वेदमंत्रों, श्रद्धा और सुवासित हवि से पवित्र हो गया. करीब एक सौ श्रद्धालुओं ने गुरुदीक्षा ली, वही 250 लोगों ने अपने घरों में देवस्थापना कराकर
गुरुसत्ता वेदमूर्ति पंडित श्रीराम शर्मा आचार्य और वंदनीय माताजी भगवती देवी शर्मा के प्रति अपनी गहरी आस्था व्यक्त की. शांतिकुंज से आये टोली नायक बालकराम रत्नमूल ने श्रद्धालुओं को सम्बोधित करते हुए गायत्री यज्ञ की महत्ता, सामाजिक सद्भाव और आत्मिक जागरण पर प्रेरणादायक विचार रखें . उनके विचारों ने उपस्थित जनसमूह को गहराई से प्रभावित किया. समापन अवसर पर यज्ञ समिति की ओर से पूर्व विधायक राहुल शर्मा के नेतृत्व में शांतिकुंज से आई टोली को सम्मानपूर्वक विदाई दी गयी तथा गायत्री परिवार के परिजनों को भी सम्मानित किया गया. विदाई के अवसर पर पूर्व विधायक राहुल शर्मा ने कहा की यह आयोजन सामाजिक समरसता और आध्यात्मिक एकता का प्रतीक बन गया. ऐसे आयोजन समाज में संस्कार, सद्भाव और आध्यात्मिक चेतना का प्रसार करते हैं. साथ ही, ग्रामीणों और समिति के संयुक्त प्रयास से यह आयोजन पूरी तरह सफल हुआ. यज्ञ समिति ने भविष्य में भी ऐसे आयोजनों को और भी व्यापक स्तर पर जारी रखने की बात कही. महापूर्णाहुति के उपरांत विशाल भंडारे का आयोजन हुआ, जिसमें दूर – दूर से आए भक्तों ने प्रसाद ग्रहण कर आत्मिक संतोष का अनुभव किया. इस अवसर पर यज्ञ समिति के संयोजक बरुण कुमार, ब्रजेश कुमार, बिनोद कुमार, कमलेश कुमार, झुन्नू शर्मा, चुन्नू शर्मा सहित गायत्री परिवार के जिला प्रतिनिधि हरीजी, मुख्य ट्रस्टी शारदानन्दन सिंह, जिला मीडिया प्रभारी बचन देव कुमार, प्रवीण शर्मा, शंकर कुमार, रामानंद शर्मा, अरविन्द शर्मा, मुकेश कुमार, सुमंत शर्मा, भारतीजी, लक्की देवी, चंद्रवती देवी, मीरा देवी, सुमित्रा देवी उपस्थित थें.

