देशबिहारराज्यलोकल न्यूज़

आगामी विधानसभा चुनावों की तैयारी: निर्वाची पदाधिकारी 216-जहानाबाद विधान सभा क्षेत्र ने बी.एल.ओ. के साथ की समीक्षा बैठक


जहानाबाद
निर्वाची पदाधिकारी 216-जहानाबाद विधानसभा क्षेत्र श्री राजीव रंजन सिन्हा द्वारा आज रतनी फरीदपुर प्रखंड के सभी बूथ लेवल ऑफिसरों (बी.एल.ओ.) के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में आगामी विधानसभा चुनावों के सुचारू संचालन हेतु व्यापक दिशा-निर्देश दिए गए।

उन्होंने सभी बी.एल.ओ. से कहा कि निर्वाचन आयोग की प्राथमिकता एक शुद्ध, अद्यतन एवं त्रुटिरहित मतदाता सूची सुनिश्चित करना है। इसी क्रम में जिला सांख्यिकी कार्यालय द्वारा उपलब्ध कराई गई मृत व्यक्तियों की सूची का शीघ्र सत्यापन कर फॉर्म-7 के माध्यम से डिलीशन का कार्य प्राथमिकता के आधार पर पूरा करें। यह कार्य लोकतंत्र की नींव—मतदाता सूची—की पवित्रता को बनाए रखने की दृष्टि से अत्यंत आवश्यक है।

साथ ही, श्री सिन्हा ने सभी बी.एल.ओ. को निर्देशित किया कि वे अपने-अपने मतदान क्षेत्रों में भ्रमणशील रहकर नए मतदाताओं को जोड़ने हेतु सक्रिय प्रयास करें, विशेषकर युवा एवं महिला मतदाताओं को प्रोत्साहित करें। फॉर्म-6 के माध्यम से नए नाम जोड़ने की प्रक्रिया को जन-अभियान का रूप दें तथा इस कार्य में पंचायत प्रतिनिधियों एवं स्थानीय सामाजिक कार्यकर्ताओं की भी भागीदारी सुनिश्चित करें।

उन्होंने विशेष रूप से यह निर्देश दिया कि अगले पाँच दिनों के भीतर प्रत्येक बी.एल.ओ. कम-से-कम पाँच नवविवाहित महिलाओं का नाम मतदाता सूची में जोड़ना सुनिश्चित करें, ताकि महिला मतदाताओं की भागीदारी में वृद्धि हो सके।

श्री सिन्हा ने कहा कि “बी.एल.ओ. ही मतदाता सूची के सच्चे संरक्षक हैं। उनकी सजगता, सक्रियता और ईमानदारी से ही लोकतांत्रिक प्रक्रिया की नींव मजबूत होती है।”

बैठक में उपस्थित सभी बी.एल.ओ. ने इन निर्देशों का पालन करने हेतु संकल्प लिया और मतदाता सूची को अद्यतन एवं त्रुटिरहित बनाने की दिशा में एकजुट होकर कार्य करने का आश्वासन दिया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!