राजस्व प्रबंधन में जहानाबाद जिला अग्रणी, योजनाओं के निष्पादन में उल्लेखनीय प्रगति


जहानाबाद
जिला पदाधिकारी श्रीमती अलंकृता पाण्डेय की अध्यक्षता में समाहरणालय स्थित सभा कक्ष में आज एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई, जिसमें सभी अंचल अधिकारियों के साथ राजस्व, अतिक्रमण, परिमार्जन, लोक सेवाओं के अधिकार आदि से संबंधित विषयों की विस्तारपूर्वक समीक्षा की गई।
बैठक की शुरुआत में जिला पदाधिकारी ने महिला संवाद शिविर में प्राप्त आवेदनों के शीघ्र निष्पादन का निर्देश दिया। तत्पश्चात पूर्व बैठक के निर्देशों के अनुपालन की समीक्षा की गई। अप्रैल 2025 तक की प्रगति रिपोर्ट से स्पष्ट है कि राजस्व विभाग, जहानाबाद ने विभिन्न योजनाओं के क्रियान्वयन में सराहनीय प्रदर्शन किया है।
अपर समाहर्ता ब्रजेश कुमार ने कहा कि “राजस्व प्रशासन के विभिन्न क्षेत्रों जैसे भूमि सुधार, डिजिटलीकरण, पारदर्शी आवंटन प्रणाली एवं राजस्व संग्रहण में जहानाबाद जिला राज्य में अग्रणी भूमिका निभा रहा है।”