खरीफ की तैयारी को लेकर कृषि टास्क फोर्स की समीक्षा बैठक सम्पन्न


जहानाबाद
खरीफ पूर्व तैयारियों की गहन समीक्षा और किसानों को योजनाओं का समुचित लाभ दिलाने को लेकर आज समाहरणालय सभागार में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। इस जिला स्तरीय कृषि टास्क फोर्स बैठक की अध्यक्षता जिला पदाधिकारी श्रीमती अलंकृता पांडेय ने की। बैठक में विभिन्न विभागों के पदाधिकारियों ने भाग लिया, जिनमें अपर समाहर्ता, जिला कृषि पदाधिकारी, अनुमंडल कृषि पदाधिकारी, मत्स्य, पशुपालन, सहकारिता, उद्यान, भूमि संरक्षण, कृषि अभियंत्रण, सिंचाई, जल संसाधन, कृषि विज्ञान केंद्र, आत्मा, जीविका, अग्रणी बैंक प्रबंधक तथा अन्य तकनीकी एवं समन्वयक अधिकारी शामिल थे।
बैठक में खरीफ 2025 के लिए जिले की गरमा फसल आच्छादन की स्थिति की समीक्षा की गई। बताया गया कि जिले में 6143.93 हेक्टेयर के लक्ष्य के विरुद्ध अब तक 5724.24 हेक्टेयर में फसल का आच्छादन किया जा चुका है, जो कुल लक्ष्य का 93.17 प्रतिशत है। इसके अंतर्गत 1135.46 क्विंटल बीजों का वितरण ‘पहले आओ, पहले पाओ’ की नीति पर बिहार राज्य बीज निगम ऐप के माध्यम से OTP सत्यापन प्रणाली द्वारा किया गया, जो कि बीज वितरण व्यवस्था की पारदर्शिता को दर्शाता है।
यह बैठक खरीफ पूर्व रणनीति और योजनाओं के धरातलीकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित हुई, जिसमें कृषि, सिंचाई, सहकारिता, वित्त, पशुपालन, उद्यान और भूमि संरक्षण जैसे विविध विभागों की सहभागिता रही। जिला प्रशासन का स्पष्ट संदेश है कि कृषि को समृद्धि से जोड़ने के लिए योजनात्मक, पारदर्शी और सहभागिता-आधारित कार्यप्रणाली को प्राथमिकता दी जाए।
