देशबिहारराज्यलोकल न्यूज़

हरपुर गांव में करंट लगने से किसान की मौत, गांव में पसरा मातम



बिजली विभाग की लापरवाही से टूटा हाई वोल्टेज तार, मौके पर ही गई जान

जहानाबाद  हुलासगंज थाना क्षेत्र के हरपुर गांव में सोमवार शाम एक दर्दनाक हादसे में 48 वर्षीय किसान रविंद्र यादव की करंट लगने से मौत हो गई। यह हादसा उस वक्त हुआ जब वह अपने खेत में मूंग की फसल देखने गए थे।

ग्रामीणों के अनुसार, शाम करीब 5 बजे रविंद्र यादव खेत की ओर गए थे, तभी 11000 वोल्ट क्षमता वाली हाई टेंशन लाइन का तार अचानक टूटकर गिर पड़ा और वह उसकी चपेट में आ गए। मौके पर ही उनकी मौत हो गई।

घटना के बाद आसपास मौजूद ग्रामीण मौके पर पहुंचे और उन्हें तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। जैसे ही गांव में उनकी मौत की खबर फैली, पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई और परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है।

घटना की सूचना मिलते ही हुलासगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची और कानूनी प्रक्रिया पूरी कर शव को पोस्टमार्टम के लिए जहानाबाद सदर अस्पताल भेजा गया।

ग्रामीणों ने बिजली विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि तार की हालत पहले से ही जर्जर थी, लेकिन समय पर मरम्मत नहीं की गई, जिससे यह हादसा हुआ। अब परिजन न्याय की मांग कर रहे हैं और दोषी अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।

इस दर्दनाक घटना ने एक बार फिर ग्रामीण इलाकों में बिजली सुरक्षा की गंभीर स्थिति को उजागर कर दिया है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!