गर्मी की छुट्टियों में बच्चों के लिए “कमाल का कैम्प”: सीखने की यात्रा होगी अब मजेदार और मजबूत


जहानाबाद
जहानाबाद जिले में गर्मी की छुट्टियों को बच्चों के लिए ज्ञानवर्धक और सार्थक बनाने की दिशा में एक अभिनव प्रयास “कमाल का कैम्प (Catch-up अभियान)” शुरू किया जा रहा है। इस अभियान के तहत कक्षा 5 से 6 में जाने वाले लगभग 5000 बच्चों को प्रथम एजुकेशन फाउंडेशन की सहयोग से पढ़ने, लिखने और बुनियादी गणितीय दक्षता को मजेदार तरीके से सिखाया जाएगा।
आज समाहरणालय स्थित जिला पदाधिकारी कार्यालय प्रकोष्ठ में आयोजित बैठक में जिला पदाधिकारी श्रीमती अलंकृता पाण्डेय की अध्यक्षता में प्रथम एजुकेशन फाउंडेशन के प्रतिनिधियों, जिला शिक्षा पदाधिकारी, और अन्य पदाधिकारियों की उपस्थिति में योजना की कार्ययोजना पर विस्तार से चर्चा की गई।
बच्चों के भविष्य को संवारने की गर्मी छुट्टी: शिक्षा के प्रति नई सोच
जिला पदाधिकारी ने बताया—
> “गर्मी की छुट्टियों में शिक्षण कार्य रुकता नहीं, बल्कि उसे रोचक, सामुदायिक और सहभागी बनाकर नई ऊर्जा के साथ आगे बढ़ाया जा सकता है। कमाल का कैम्प एक ऐसा ही प्रयास है जो न सिर्फ सीखने की प्रक्रिया को सशक्त करेगा बल्कि गाँव-समाज के युवाओं को भी जिम्मेदारी का मंच देगा।”
प्रथम एजुकेशनल फाउंडेशन द्वारा यह अभियान ऐसे छात्रों को लक्षित कर रहा है जो अभी भी अपनी कक्षा के स्तर के अनुसार पढ़ने-लिखने या गणित में दक्ष नहीं हो पाए हैं। इस कैम्प का उद्देश्य है कि जब ये बच्चे अगली कक्षा में जाएं, तो पहले से तैयार और आत्मविश्वासी हों।

