आगामी विधानसभा आम निर्वाचन, 2025 के सफल संचालन हेतु स्वीप गतिविधियों की रणनीति तैयार करने हेतु बैठक आयोजित


जहानाबाद
आगामी बिहार विधानसभा आम निर्वाचन, 2025 के सफल क्रियान्वयन एवं जिले में मतदान प्रतिशत में वृद्धि लाने के उद्देश्य से वरीय नोडल प्रभारी स्वीप कोषांग सह अपर समाहर्ता श्री ब्रजेश कुमार की अध्यक्षता में उनके कार्यालय प्रकोष्ठ में बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिला स्वीप कोषांग की नोडल पदाधिकारी श्रीमती शिल्पी आनंद एवं स्वीप कोषांग के अन्य प्रकोष्ठ सदस्यों की उपस्थिति रही।
बैठक में जिले के कम मतदान प्रतिशत वाले मतदान केंद्रों की पहचान कर वहां विशेष मतदाता जागरूकता कार्यक्रम संचालित करने का निर्णय लिया गया। नोडल पदाधिकारी ने बताया कि इन क्षेत्रों में आगामी दिनों में विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से मतदाताओं को जागरूक किया जाएगा।
वरीय नोडल प्रभारी सह अपर समाहर्ता श्री ब्रजेश कुमार ने सभी संबंधित विभागों से तालमेल कर कार्यक्रम को प्रभावी बनाने पर बल दिया। विशेष रूप से आईसीडीएस, जीविका, स्वास्थ्य एवं शिक्षा विभाग को इसमें सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। सभी बाल विकास परियोजना पदाधिकारियों को उनके क्षेत्र के मतदान केंद्रों से संबंधित डाटा उपलब्ध कराने हेतु नोडल पदाधिकारी स्वीप कोषांग को निर्देशित किया गया, जिसके अनुसार आँगनबाड़ी सेविकाएं, आशा कार्यकर्ता, जीविका दीदी एवं शिक्षकगण सामूहिक रूप से मतदाता जागरूकता कार्यक्रमों का संचालन करेंगे।
बैठक में सहायक नोडल पदाधिकारी स्वीप कोषांग श्री अमित कुमार जिला प्रोग्राम पदाधिकारी, आईसीडीएस श्रीमती रचना कुमारी डीपीएम-जीविका श्रीमती अनीता कुमारी एवं सभी बाल विकास परियोजना पदाधिकारी उपस्थित रहे।

