मतदाता जागरूकता एवं मतदाता पंजीकरण में वृद्धि लाने हेतु प्रखंड स्तर पर बी.एल.ओ. एवं बी.एल.ए. को दिया गया प्रशिक्षण

जहानाबाद
आगामी विधानसभा निर्वाचन, 2025 के मद्देनजर निर्वाचन आयोग तथा जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-जिला पदाधिकारी श्रीमती अलंकृता पाण्डेय के निर्देशानुसार आज जहानाबाद जिले के घोसी एवं हुलासगंज प्रखंड में सभी बी.एल.ओ. तथा बी.एल.ए. का एक दिवसीय प्रशिक्षण सत्र का आयोजन किया गया।
प्रशिक्षण में अवर निर्वाचन पदाधिकारी श्री राहुल कुमार द्वारा बताया गया कि बिहार में अक्टूबर/नवंबर में विधानसभा निर्वाचन संभावित है , जिसके मद्देनजर सभी बी.एल.ओ. के साथ -साथ सभी बी.एल.ए. की भी जिम्मेदारी है कि वे अपने अपने मतदान केन्द्र वाले क्षेत्रों में शत् प्रतिशत मतदान कराने में सहयोग करें। अवर निर्वाचन पदाधिकारी द्वारा अपील की गई कि सभी बी एल ओ अपने अपने क्षेत्रों में मुहिम चला कर ऐसे मतदाता जिनका नाम अभी तक मतदाता सूची में नहीं जुटा है, अथवा जो मतदाता अभी -अभी मतदाता के लिए पात्र हुए हैं, उनका नाम जोड़ा जाए । साथ ही ऐसे मतदाता को चिन्हित करें जिनका नाम मतदाता सूची में है परंतु वे रोजगार अथवा पढ़ाई के कारण अपने घर से बाहर रहते हैं, उनसे सम्पर्क करें और उन्हें अपने अधिकार के बारे में बताएं और उन्हें मतदान दिवस के दिन अपने घर आ कर पूरे परिवार के साथ मतदान देने का अपील करें। इसके अतिरिक्त बैठक में बताया गया कि अपने अपने मतदान केन्द्र का भौतिक सत्यापन कर ए.एम.एफ. सुविधा यथा- रौशनी, पेयजल, शौचालय, रैम्प, भवन की स्थिति, पहुंच पथ इत्यादि की भौतिक प्रतिवेदन अपने अपने प्रखंड विकास पदाधिकारी को आवश्यक रूप से उपलब्ध करायेंगे।
आज के प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य बी.एल.ओ. तथा बी.एल.ए. को ऑनलाइन के माध्यम से मतदाताओं को नाम जोड़ने, हटाने, संशोधित करने की जानकारी उपलब्ध कराना था।