महिला फुटबॉल टूर्नामेंट में मुजफ्फरपुर की टीम ने देवघर को हराया

घोषी (जहानाबाद)
स्वर्गीय विश्वनाथ शरण अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी की स्मृति में घोसी हाई स्कूल के खेल मैदान में आयोजित एकदिवसीय महिला फुटबॉल प्रतियोगिता में मुजफ्फरपुर ने देवघर को हराकर जीत दर्ज की।
मुजफ्फरपुर और देवघर की महिला टीमों के बीच हुए इस रोमांचक मुकाबले में खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट खेल प्रदर्शन किया। मध्यांतर से पहले देवघर की टीम ने बढ़त बनाई, जिससे मुजफ्फरपुर की टीम दबाव में आ गई। लेकिन मध्यांतर के बाद मुजफ्फरपुर की टीम ने शानदार वापसी करते हुए मैच को बराबरी पर ला दिया। मैच के दौरान छोटे-छोटे पास और सटीक रणनीति के कारण दर्शकों को रोमांचक खेल देखने को मिला।
ट्राई ब्रेकर में मुजफ्फरपुर की जीत
मैच निर्णायक मंडल द्वारा ट्राई ब्रेकर तक पहुंचा, जहां मुजफ्फरपुर की टीम ने 2-0 से जीत दर्ज की। इस जीत से खिलाड़ियों और समर्थकों में खुशी की लहर दौड़ गई।
मुख्य अतिथि ने किया उद्घाटन
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पूर्व सांसद डॉ. अरुण कुमार ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया और फुटबॉल पर किक मारकर मैच का उद्घाटन किया। इस अवसर पर जिला परिषद अध्यक्ष श्रीमती रानी कुमारी, भारतीय पंचायत के मुखिया हेमंत शरण, पैक्स अध्यक्ष राम संतोष शर्मा समेत अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
खिलाड़ियों को सम्मानित किया गया
प्रतियोगिता के समापन पर संस्था के सदस्यों द्वारा मैथिली शरण, बैजनाथ शरण, रामबाबू आदि ने विजेता और उपविजेता टीमों को मोमेंटो देकर सम्मानित किया। मुख्य अतिथि डॉ. अरुण कुमार ने इस आयोजन को महिला सशक्तिकरण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया, वहीं श्रीमती रानी कुमारी ने कहा कि “आज हमारी बेटियां हर क्षेत्र में आगे बढ़ रही हैं और सरकार भी उनके विकास के लिए लगातार सहयोग कर रही है।”
इस टूर्नामेंट के साथ भवरू गोपी खेल महोत्सव का नौ दिवसीय आयोजन विधिवत संपन्न हुआ।
