अभाविप एसएस कॉलेज इकाई ने सौंपा ज्ञापन, एससी-एसटी छात्रों के नि:शुल्क नामांकन की मांग

जहानाबाद
अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (अभाविप) एसएस कॉलेज इकाई के कार्यकर्ताओं ने कॉलेज प्रशासन को ज्ञापन सौंपा, जिसमें यूजी (स्नातक) में अनुसूचित जाति (एससी) एवं अनुसूचित जनजाति (एसटी) के छात्र-छात्राओं से लिए जा रहे शुल्क को तुरंत रोकने और नि:शुल्क नामांकन की सुविधा देने की मांग की गई।
ज्ञापन सौंपने के दौरान कॉलेज अध्यक्ष अंगद जी एवं कॉलेज उपाध्यक्ष प्रिंस कुमार मुख्य रूप से उपस्थित रहे। कार्यकर्ताओं ने बताया कि सरकार द्वारा एससी-एसटी छात्रों को उच्च शिक्षा में प्रोत्साहन देने के लिए निःशुल्क नामांकन की व्यवस्था की गई है, लेकिन कॉलेज प्रशासन द्वारा इन छात्रों से शुल्क लिया जा रहा है, जो अन्यायपूर्ण है। अभाविप कार्यकर्ताओं ने कहा कि एससी-एसटी वर्ग के कई छात्र आर्थिक रूप से कमजोर हैं और यदि उनसे शुल्क लिया जाता है, तो वे उच्च शिक्षा से वंचित हो सकते हैं। यह सरकार की नीति के विपरीत है और छात्रों के साथ भेदभावपूर्ण व्यवहार है। अभाविप ने कॉलेज प्रशासन से इस फैसले को तुरंत रद्द करने और सरकार की नीति के अनुसार एससी-एसटी छात्रों के लिए नि:शुल्क नामांकन की प्रक्रिया लागू करने की मांग की।
अभाविप कार्यकर्ताओं ने बताया कि यदि इस मांग पर जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो वे आंदोलन करने के लिए बाध्य होंगे। ज्ञापन सौंपने के दौरान सह मंत्री शुरभी कुमारी , सिमरन कुमारी , अमित कुमार , जय प्रकास कई कार्यकर्ता एवं छात्र उपस्थित रहे।
