डीएवी पब्लिक स्कूल जहानाबाद में लाला लाजपतराय जन्मोत्सव का आयोजन

*चतुर्थ सावधिक परीक्षा के परीक्षा परिणाम की घोषणा और शिक्षक-अभिभावक सम्मेलन का भी हुआ आयोजन*
जहानाबाद: डीएवी पब्लिक स्कूल, जहानाबाद में आज मंगलवार को लाला लाजपत राय जयंती के अवसर पर जन्मोत्सव एवं वैदिक हवन और सत्संग का आयोजन किया गया। साथ ही चतुर्थ सावधिक परीक्षा के परीक्षा परिणाम की घोषणा एवं शिक्षक-अभिभावक सम्मेलन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत वैदिक मंत्रोच्चार और हवन से हुई, जिसमें छात्रों, अभिभावकों, शिक्षकों और कर्मचारियों ने भाग लिया। सभी के बीच प्रसाद का वितरण किया गया। विद्यालय के प्राचार्य श्री के.के. पांडेय ने उपस्थित जनों को संबोधित करते हुए लाला लाजपत राय के योगदान पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि लाला लाजपत राय भारतीय स्वतंत्रता संग्राम के महानायक होने के साथ-साथ शिक्षा और समाज सुधार के क्षेत्र में भी अग्रणी थे। प्राचार्य ने उनके शिक्षा और सामाजिक सुधारों के प्रति समर्पण पर प्रकाश डालते हुए बताया कि लाला लाजपत राय ने शिक्षा को स्वतंत्रता संग्राम का अभिन्न हिस्सा बनाया। उन्होंने पंजाब नेशनल बैंक की स्थापना और डीएवी संस्थानों के प्रसार के माध्यम से भारतीय समाज को नई दिशा दी। प्राचार्य ने सभी से लाला लाजपत राय के आदर्शों को आत्मसात करने और शिक्षा के माध्यम से समाज और राष्ट्र को सशक्त बनाने में योगदान देने का आह्वान किया। प्राचार्य ने चतुर्थ सावधिक परीक्षा के परिणामों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्रों को बधाई देते हुए कहा कि मेहनत और अनुशासन सफलता की कुंजी हैं। परीक्षा परिणामों की समीक्षा के लिए आयोजित शिक्षक-अभिभावक सम्मेलन में छात्रों की प्रगति पर चर्चा की गई। शिक्षकों और अभिभावकों ने एक-दूसरे के साथ संवाद स्थापित कर छात्रों के समग्र विकास के लिए कार्ययोजना बनाई।