75 दिनों से अधिक दिन वाले दाखिल खारिज के लंबित मामलों को माह अंत तक शत-प्रतिशत निष्पादित करने का निर्देश : जिला पदाधिकारी

जहानाबाद
जिला पदाधिकारी श्रीमती अलंकृता पाण्डेय एवं अपर समाहर्ता श्री ब्रजेश कुमार द्वारा आज दिनांक 27 जनवरी 2025 को प्रखंड एवं अंचल कार्यालय, हुलासगंज का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण में पाया गया कि पंजीयों का रख-रखाव एवं संधारण मानकों के अनुरूप नहीं है।
जिला पदाधिकारी ने आगत पंजी संधारण का निरीक्षण किया और पाया कि दिनांक 10.1.2025 के बाद एक भी पत्र की प्रविष्टि नहीं की गई है। इसके लिए लिपिक श्री मिथिलेश कुमार से स्पष्टीकरण करने का निर्देश दिया गया।
निरीक्षण में यह भी पाया गया कि राजस्व कर्मचारी श्री संजय चौधरी एवं राजस्व कर्मचारी श्री संतोष कुमार बिना सूचना के अनाधिकृत रूप से कार्यालय से अनुपस्थित थे। इसके लिए जिला पदाधिकारी द्वारा वेतन बंद करते हुए स्पष्टीकरण करने का निर्देश दिया गया।
जिला पदाधिकारी ने 75 दिनों से अधिक दिन वाले दाखिल खारिज के लंबित मामलों को 30 जनवरी तक शत-प्रतिशत निष्पादित करने का निर्देश दिया।
अतिक्रमण पंजी में 11 आवेदन लंबित पाए गए जिन्हें शीघ्र अतिक्रमण मुक्त करने का निर्देश अंचल अधिकारी को दिया।
