राहुल स्मृति क्रिकेट टूर्नामेंट के विजेता एवं उपविजेता टीम को किया गया पुरस्कृत

खेल से होता है युवाओं का शारीरिक और मानसिक विकास- अवधेश नारायण सिंह
जहानाबाद।
शहर स्थित एरोड्राम स्टेडियम में चल रहे राहुल स्मृति क्रिकेट टूर्नामेंट सीजन-2 के फाइनल मैच के विजेता एवं उपविजेता टीम को बिहार विधान परिषद के सभापति अवधेश नारायण सिंह, विधान पार्षद अनिल शर्मा, विधायक सतीश कुमार, जिप सदस्य आभा रानी ने संयुक्त रूप से पुरस्कार वितरण किया। पुरस्कार वितरण समारोह की शुरूआत सर्वप्रथम एथलीट राहुल की तस्वीर पर पुष्पांजलि अर्पित कर की गई। सभापित अवधेश नारायण सिंह ने कहा कि खेलकूद जीवन में अनेक उत्तम गुणों का विकास करता है। खेल से शरीर चुस्त, फुर्तीला एवं बलिष्ठ होता है। उन्होंने कहा कि आप लोग ईमानदारी से खेलें और अपने शहर और देश का नाम रौशन करें, जहां मेरी जरूरत हो मैं आपके साथ हमेशा खड़ा हूॅ। वहीं विधायक सतीश कुमार ने कहा कि खेल में हार जीत कोई मायने नहीं रखती है, बल्कि हारने वाले को भविष्य में जीतने की प्रेरणा मिलती है। हार जीत की परवाह किए बगैर खेलना चाहिए। जिप सदस्य आभा रानी ने कहा कि खेल युवाओं को शारीरिक और मानसिक रूप से स्वस्थ रखने के साथ-साथ अनुशासन और टीम भावना की सीख देता है। उन्होंने कहा कि एथलीट राहुल जी के स्मृति पर आयोजित क्रिकेट टूर्नामेंट का दूसरा सीजन है। वे अच्छे क्रिकेटर के साथ एक अच्छे इंसान थे। उन्होंने ऐसे आयोजन को लेकर राहुल स्मृति क्रिकेट टूर्नामेंट के सदस्यों को प्रोत्साहित किया। इस मौके पर आयोजक फ्रेंड ऑफ राहुल ने बताया कि एथलीट राहुल की स्मृति पर हर साल क्रिकेट टूर्नामेंट का आयोजन किया जाता है। राहुल एक एथलीट खिलाड़ी के साथ-साथ एक अच्छा क्रिकेटर भी थें। वह जहानाबाद क्रिकेट एसोशिएशन का उपाध्यक्ष भी रहे थें। उन्होंने बताया कि फाइनल मैच में संगम ईट उद्योग ने सूपी 11 को हराकर टूर्मामेंट पर कब्जा जमाया। विजेता टीम को 51 हजार रूपए और उपविजेता टीम को 31 हजार रूपए का पुरस्कार राशि एवं ट्रॉफी प्रदान की गई। साथ हीं मैन ऑफ द मैच रहे खिलाड़ी को भी पुरस्कृत किया गया। इस मौके पर राजद नेता विजय मंडल, विजेन्द्र प्रसाद सुधाकर, युवा राजद के प्रदेश महासचिव संजय यादव, हरीलाल यादव, राजद नेता सहाय जी, शुभम राज उर्फ मीठू, पवन सिंह, अजीत कुमार, अविनाश कुमार, सुमित कुमार, रवि कुमार, दीपू कुमार सहित सैकड़ों खेलप्रेमी मौजूद थे।
