छठ घाटों के सफाई तथा सजाने का काम जारी

जहानाबाद
छठ घाटों पर तैयारी जोर-शोर से चल रही है। जहानाबाद नगरपरिषद क्षेत्रान्तर्गत वार्ड 08 में देविस्थान के नजदीक, आलोक अप्पार्टमेंट के पास तथा दरधा नदी किनारे पुल के दक्षिण तरफ घाटों की तैयारी भी अब अंतिम चरण में है। यहाँ श्रद्धालुओं की सुविधाओं का खास ख्याल रखा गया है। घाट किनारे बचे हुए काम को तेजी से पूरा किया जा रहा है। नगरपरिषद के कार्यपालक पदाधिकारी तथा स्थानीय पार्षद पूजा भारद्वाज ने अधिकारियों के साथ तीनों घाटों का निरीक्षण किया और चल रहे तैयारियों का जायजा लिया। पार्षद ने छठब्रतियों की भीड़ को देखते हुए पदाधिकारियों को सुरक्षा एवं सुविधा संबंधित निर्देश दिए। घाट तक जाने के रास्ते पर लाइट लगाने का कार्य जारी है। घाट किनारे व्रतियों की सुविधाओं के लिए लगभग सारे काम पूरे हो चुके हैं। घाट को सजाने के लिए रंग-रोगन का काम हो रहा है। पार्षद भारद्वाज की पहल पर दरधा किनारे छठ घाट को इस बार साफ-सफाई के पश्चात तैयार किया गया है, परंतु नदी में पानी के गिरते स्तर पर असंतोष जताया। कम पानी के कारण छठब्रतियों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।
सभी घाट किनारे अस्थायी चेंजिंग रूम सहित अन्य सुविधाओं को लेकर सारी तैयारी की जा रही है। ज्यादा पानी वाले हिस्से में बैरिकेडिंग का काम हो रहा है।
निजामुद्दीनपुर छठ घाट पर नगरपरिषद के पूर्व उपमुख्य पार्षद संजय कुमार के द्वारा लाइट एवं रंग-रोगन का कार्य कराया जा रहा है।
छठ घाट की तैयारी में सामाजिक कार्यकर्ता व पार्षद प्रतिनिधि प्रहलाद भारद्वाज, सत्यम कुमार, बैंकटेश कुमार, डब्लू कुमार, मनीष कुमार, सियाकांत कुमार, राहुल कुमार, गोपाल सहित अनेकों लोग लगे हुए हैं।

